Jehanabad News : जहानाबाद टीबी उन्मूलन अभियान में जहानाबाद ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में जिले की प्रगति की सराहना की गयी. संवेदनशील आबादी की एक्स-रे जांच के मामले में जहानाबाद लगातार तीसरे सप्ताह पूरे बिहार में प्रथम स्थान पर रहा है.
42 हजार से अधिक लोग चिह्नित, 20 हजार की एक्स-रे जांच
जिले में टीबी की दृष्टि से संवेदनशील 42,382 लोगों को चिह्नित किया गया है. इनमें से अब तक 20,026 लोगों की एक्स-रे जांच पूरी की जा चुकी है. इस तरह जिले ने करीब 47 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है, जो राज्य में सर्वाधिक है.
लक्ष्य से ढाई गुना अधिक हुई स्क्रीनिंग
टीबी स्क्रीनिंग में भी जहानाबाद ने निर्धारित लक्ष्य को काफी पीछे छोड़ दिया है. जिले के लिए 69,091 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि अब तक 1,70,414 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है. यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 247 प्रतिशत है.
टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वालों पर फोकस
समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने जिले की उपलब्धियों की सराहना करते हुए टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. खासकर टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले पात्र लोगों को निर्धारित मानकों के अनुसार निवारक उपचार उपलब्ध कराने और इसकी जानकारी पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से दर्ज करने पर जोर दिया गया.
डीएम ने अधिकारियों को दिये ये निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील आबादी की एक्स-रे जांच की मौजूदा गति को बरकरार रखा जाए. संभावित टीबी मरीजों की जल्द पहचान, आवश्यक जांच और समय पर इलाज शुरू कराने के साथ पात्र संपर्क व्यक्तियों को शत-प्रतिशत टीपीटी कवरेज देने को कहा गया.
बैठक में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. जिला प्रशासन की ओर से टीबी मुक्त जहानाबाद के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, समयबद्ध उपचार और निवारक चिकित्सा की लगातार समीक्षा की जा रही है.
