सुबह होते ही अतिक्रमण की गिरफ्त में जहानाबाद की सड़कें, फुटपाथ पर दुकानें तो सड़क पर टेंपो का कब्जा

जहानाबाद में वेंडिंग जोन बनने के बावजूद सड़कों पर फुटपाथी दुकानों का कब्जा बरकरार है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Encroachment On The Road : जहानाबाद नगर. शहर की सड़कें सुबह होते ही अतिक्रमणकारियों के कब्जे में आ जाती हैं. फुटपाथ पर दुकानें सजने से पैदल यात्रियों के लिए चलना मुश्किल हो जाता है, वहीं सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाने से वाहनों के परिचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर हर दिन यही स्थिति देखने को मिल रही है.

जिला प्रशासन की ओर से हाल में वेंडिंग जोन का निर्माण कर फुटपाथी दुकानदारों को वहां शिफ्ट कराया गया था. इसके अलावा शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अभियान भी चलाया गया था. कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक सड़कें खाली नजर आयीं, लेकिन अब एक बार फिर फुटपाथी दुकानदारों ने सड़कों और चौक-चौराहों पर कब्जा जमा लिया है.

अरवल मोड़ से मलहचक तक अतिक्रमण का जाल

शहर का अरवल मोड़ हो या अस्पताल मोड़, काको मोड़ हो या मलहचक मोड़, लगभग हर प्रमुख स्थान पर सड़क के दोनों ओर फुटपाथी दुकानें सज जाती हैं. फुटपाथ से लेकर सड़क तक दुकानें लगने के कारण राहगीरों को बीच सड़क से गुजरना पड़ता है. इससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है और वाहनों की रफ्तार पर भी असर पड़ता है.

लग्न के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है. बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने के साथ अतिक्रमण का दायरा भी बढ़ जाता है. अस्पताल मोड़ की स्थिति सबसे अधिक खराब बतायी जा रही है. यहां पैदल बाजार जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

बची सड़क पर टेंपो चालकों की मनमानी

फुटपाथ और सड़क के बड़े हिस्से पर दुकानदारों के कब्जे के बाद जो जगह बचती है, उस पर टेंपो चालक वाहन खड़े कर देते हैं. इससे सड़क और संकरी हो जाती है. कई बार वाहनों के आमने-सामने आने पर जाम की स्थिति बन जाती है. राहगीरों को भी वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है.

कार्रवाई के बाद फिर लौट आते हैं अतिक्रमणकारी

शहर को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए प्रशासन की ओर से समय-समय पर अभियान चलाया जाता है. अभियान के दौरान दुकानदारों को सड़क और फुटपाथ से हटाया जाता है, लेकिन कार्रवाई का असर कुछ दिनों तक ही नजर आता है. एक-दो दिन बाद फिर से दुकानदार उसी स्थान पर अपनी दुकानें सजा लेते हैं.

नियमित निगरानी की जाएगी

अतिक्रमणकारी प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी दोबारा सड़क पर कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे हैं. बार-बार चेतावनी और अभियान के बावजूद स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो पा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और स्थायी कार्रवाई के बिना शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराना मुश्किल है.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

एसडीओ राजीव रंजन सिंह ने कहा कि शहर की सड़कों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए वेंडिंग जोन बनाया गया है. फुटपाथी दुकानदारों को वेंडिंग जोन में जगह दी गई है. इसके बाद भी अगर कोई सड़क पर दुकान लगाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >