jehanabad News : जहानाबाद नगर विकास आयुक्त, बिहार की अध्यक्षता एवं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष की उपस्थिति में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के संबंधित जिलों में बज्रगृह/परीक्षा भवन के निर्माण और भूमि की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जहानाबाद से उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष शामिल हुए.
29 जिलों में होगा परीक्षा भवन का निर्माण
बैठक में बताया गया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से राज्य के 29 जिलों में बज्रगृह/परीक्षा भवन का निर्माण कराया जाना है. प्रस्तावित भवन में विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित गोपनीय सामग्रियों का सुरक्षित रख-रखाव किया जा सकेगा. साथ ही इसका उपयोग परीक्षा संचालन के लिए भी किया जाएगा. संबंधित जिलों को जिला मुख्यालय में किसी विद्यालय या महाविद्यालय परिसर में एक से डेढ़ एकड़ उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. प्रस्तावित भूमि का आकार कम से कम 288 फीट लंबा और 200 फीट चौड़ा होना अपेक्षित है.
स्वामी सहजानंद कॉलेज के पास जमीन चिन्हि्त
बैठक में जिले की प्रगति की जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष ने बताया कि स्ट्रांग रूम सह परीक्षा भवन के निर्माण के लिए स्वामी सहजानंद कॉलेज के समीप लगभग डेढ़ एकड़ भूमि चिन्हित की गई है. इससे संबंधित प्रस्ताव जल्द विभाग को भेजा जाएगा. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को चिन्हित भूमि से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया और अग्रेतर कार्रवाई विभागीय समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया.
स्थायी भवन बनने से पढ़ाई में नहीं होगी बाधा
प्रस्तावित स्ट्रांग रूम सह परीक्षा भवन के निर्माण से विभिन्न परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रखने और परीक्षा संचालन के लिए स्थायी आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी. इससे परीक्षा और चुनाव के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अस्थायी स्ट्रांग रूम और कम्युनिटी हॉल बनाए जाने से नियमित पठन-पाठन में आने वाली बाधा भी कम होगी.
मल्टीपरपस हॉल के रूप में भी होगा उपयोग
परीक्षा अवधि के अलावा संबंधित विद्यालय या महाविद्यालय इस भवन का उपयोग पाठ्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों के साथ एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज के लिए मल्टीपरपस हॉल के रूप में भी कर सकेंगे. इससे जिले में शैक्षणिक और अन्य बहुउद्देशीय गतिविधियों के लिए स्थायी सुविधा विकसित होगी. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.
