Jehanabad News: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने गुरुवार देर रात नगर थाना का औचक निरीक्षण किया. एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मी सक्रिय नजर आए.
लंबित कांडों की समीक्षा, अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ओडी रजिस्टर, विभिन्न लंबित कांडों की फाइलों और थाना की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की. उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले के अनुसंधान में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
रात्रि गश्ती और निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत
हाल के दिनों में शहर में हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने थानाध्यक्ष को रात्रि गश्ती और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मुख्य चौक-चौराहों के साथ-साथ रिहायशी, सुनसान और संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए.
एसपी ने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया.
संदिग्ध व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने रात के समय बिना किसी ठोस कारण के घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों से पूछताछ की जाए और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान एसपी कोटा किरण कुमार ने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार तथा अपराधियों के प्रति सख्त रवैया अपनाने का निर्देश दिया.
अभिलेख, वारंट तामिला और थाना सुरक्षा की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, लंबित वारंटों, साफ-सफाई, रिकॉर्ड के रख-रखाव और थाना सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. एसपी ने लंबित वारंटों के समयबद्ध तामिला और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए. एसपी के औचक निरीक्षण के बाद पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है और शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
