जहानाबाद एसपी ने रजिस्टर से लेकर लंबित केस तक की जांच, पुलिसकर्मियों को मिली सख्त चेतावनी

Jahanabad SP surprise inspection : जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक ने देर रात घोसी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा, रात्रि गश्ती और थाना संचालन का जायजा लिया, साथ ही पुलिस अधिकारियों को जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

Jahanabad SP surprise inspection : जहानाबाद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बुधवार देर रात घोसी अनुमंडल क्षेत्र के कई थानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा, रात्रि गश्ती व्यवस्था और थाना संचालन का जायजा लिया. साथ ही पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के सख्त निर्देश दिए.

आधी रात थानों में पहुंचे एसपी, पुलिस व्यवस्था का लिया जायजा

जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बुधवार देर रात घोसी एसडीपीओ क्षेत्र के हुलासगंज, काको समेत विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. सभी कर्मी अपने दायित्वों के प्रति सक्रिय मिले.

Jahanabad SP surprise inspection : लंबित मामलों की समीक्षा, लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के ऑडिट रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की गहन समीक्षा की. उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं से लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले की जांच में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जाए ताकि आम लोगों को अनावश्यक शिकायत का अवसर न मिले. उन्होंने थाना स्तर पर जवाबदेही और कार्यक्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया.

रात्रि गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने का निर्देश

एसपी ने थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मुख्य चौक-चौराहों के साथ-साथ रिहायशी, सुनसान और संवेदनशील क्षेत्रों में भी नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो सके.

एसडीपीओ ने भी की समीक्षा, मिशन-75 और CCTNS पर दिया जोर

इधर, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृती कमल ने देर रात भेलावर थाना का निरीक्षण किया. उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा की और थाना में संधारित पंजीयों का अवलोकन किया. एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ताओं को मिशन-75 के तहत मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने तथा पुराने लंबित कांडों को अद्यतन कर जल्द निपटाने का निर्देश दिया. साथ ही CCTNS में शत-प्रतिशत जानकारी अपलोड करने के भी निर्देश दिए.

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.

Also Read : जहानाबाद में स्मैक तस्करों पर पुलिस का एक्शन, 5.03 ग्राम स्मैक के साथ दो धराएं, एक नाबालिग भी शामिल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sakshi Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >