Jehanabad News : जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के ऊंटा मोड़ स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी पर अपने दो सहकर्मियों के मोबाइल फोन और करीब 17,500 रुपये नकद चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है. पीड़ितों की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है.
कमरे से गायब मिला सहकर्मी
मिली जानकारी के अनुसार, गया जिले के इटवां गुरियावां निवासी मुन्ना यादव और उनके साथी शंकर कुमार ऊंटा मोड़ स्थित ग्रामीण देवी मंदिर के समीप एक रेस्टोरेंट में काम करते हैं. रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से दोनों को ऊंटा मोड़ पर रहने के लिए एक कमरा उपलब्ध कराया गया था.
उसी कमरे में पटना जिले के मसौढ़ी निवासी एक युवक भी रहता था, जो उसी रेस्टोरेंट में काम करता था. पीड़ित मुन्ना यादव ने नगर थाने में दिये आवेदन में बताया कि 16 सितंबर की सुबह जब वे सोकर उठे तो उक्त युवक कमरे से गायब था.
मोबाइल और वेतन के रुपये भी नहीं मिले
कमरे में खोजबीन करने पर दोनों सहकर्मियों के मोबाइल फोन भी गायब मिले. इसके अलावा हाल ही में वेतन के रूप में मिले करीब 17,500 रुपये नकद भी नहीं थे. पीड़ितों का आरोप है कि उनका सहकर्मी ही मोबाइल और रुपये चोरी कर वहां से फरार हो गया.
संभावित ठिकानों पर छापेमारी
घटना के बाद पीड़ितों ने नगर थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और चोरी गये मोबाइल व रुपये बरामद करने की गुहार लगायी. मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी और चोरी गये मोबाइल व रुपये की बरामदगी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
