काको. जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर काको थाना पुलिस ने एएलटीएफ की टीम के सहयोग से सैदपुर गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान अवैध शराब निर्माण के ठिकानों को ध्वस्त किया गया और भारी मात्रा में चुलाई शराब व जावा महुआ बरामद किया गया.
34 लीटर चुलाई शराब बरामद, 65 लीटर जावा महुआ नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 34 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद की. साथ ही करीब 65 लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उसका दोबारा उपयोग नहीं हो सके. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त कर ली गई. बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
शराब बनाने वाले फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब बनाने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए. उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी सघन तलाशी अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों की जांच की.
शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
थानाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर नियमित छापेमारी की जा रही है, ताकि शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और आने वाले दिनों में अभियान को और तेज किया जाएगा.
पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण, बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही शराबबंदी कानून को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है और समाज को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
