Bihar News: पटना-गया रेलखंड पर शनिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए रेल हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. पहली घटना मखदुमपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जबकि दूसरी घटना जहानाबाद कोर्ट हाल्ट के समीप सामने आई. इनमें से एक मृतक की पहचान हो गई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
कोर्ट हाल्ट के पास हुआ बड़ा हादसा
दूसरी घटना जहानाबाद कोर्ट हाल्ट के पास हुई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान गया जिले के सहबाजपुर गांव निवासी दिलीप कुमार शर्मा के रूप में की गई है. बताया जाता है कि दिलीप कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ जहानाबाद के शांति निवास इलाके में रहते थे. फिलहाल वह कोर्ट स्टेशन के पास अपना नया मकान बनवा रहे थे.
सांप निकलने पर रेल पटरी की ओर भागे
परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह मकान निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा था. इसी दौरान वहां से अचानक एक सांप निकल आया. सांप को देखकर दिलीप कुमार शर्मा घबरा गए और रेल पटरी की ओर भागने लगे.
बताया जा रहा है कि उस समय वह मोबाइल फोन पर किसी से बात भी कर रहे थे. इसी बीच अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए. हादसा इतना भीषण था कि उनका एक हाथ शरीर से अलग हो गया और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी ने बताया कि मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई है. घटना की खबर मिलते ही सहबाजपुर गांव से परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंचे. शव देखते ही परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे. पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया.
मखदुमपुर में अज्ञात युवक की मौत
इसी दिन मखदुमपुर रेलवे स्टेशन के पास भी एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने आसमानी रंग की फुल शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी. उसकी उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है.
पहचान के लिए पुलिस कर रही प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जीआरपी प्रभारी दीपनारायण यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है. मृतक की तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर भी साझा की गई है. साथ ही आसपास के इलाकों में भी उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.
Also Read: शराबबंदी पर सवाल सुनते ही भड़के बिहार विधान परिषद के सभापति, पत्रकारों से बोले- पीने का मन है क्या?
