जहानाबाद. पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री लगातार रेल सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रहे हैं. स्टेशन पर ट्रेन पहुंचते ही सैकड़ों यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार कर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाते हैं. इस लापरवाही से हर दिन बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
चलती और खड़ी ट्रेनों के बीच भी कर रहे ट्रैक पार
स्टेशन पर कई बार ट्रेन आने के दौरान भी लोग पटरियां पार करते नजर आते हैं. इतना ही नहीं, जब एक्सप्रेस या मालगाड़ी सिग्नल के इंतजार में खड़ी रहती है तो कई यात्री ओवरब्रिज का उपयोग करने के बजाय ट्रेन के नीचे से निकलने का भी जोखिम उठाते हैं. इसके बावजूद कई लोग अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं हैं.
फुट ओवरब्रिज होने के बाद भी नहीं कर रहे उपयोग
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश यात्री उनका उपयोग नहीं करते. भारी सामान लेकर भी लोग सीधे पटरियां पार करते देखे जाते हैं. पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, फिर भी लापरवाही कम नहीं हो रही है.
आरपीएफ ने नियमों का पालन करने की अपील की
आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि ट्रेनों के आगमन से पहले लगातार उद्घोषणा कर यात्रियों को ट्रैक पार नहीं करने की चेतावनी दी जाती है. उन्होंने कहा कि स्टेशन पर दो फुट ओवरब्रिज उपलब्ध हैं, फिर भी लोग नियमों की अनदेखी करते हैं. रेल अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती है.
