अरवल में स्थायी टेंपो स्टैंड का अभाव, एनएच पर खड़े ऑटो से रोज लग रहा जाम

अरवल नगर परिषद क्षेत्र में स्थायी टेंपो स्टैंड न होने से एनएच पर ऑटो खड़े रहते हैं, जिससे आम लोगों और स्कूली छात्रों को भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है।

Arwal News : अरवल नगर परिषद क्षेत्र में स्थायी टेंपो स्टैंड नहीं होने के कारण एनएच पर टेंपो खड़ी कर सवारी उठाना आम हो गया है. एनएच-139 और एनएच-33 पर जगह-जगह ऑटो खड़े रहने से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सड़क को ही अवैध टेंपो स्टैंड बना लिया गया है. इससे आम लोगों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं.

सड़क पर अचानक रुकते हैं ऑटो, बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. टेंपो चालक सड़क पर ही सवारी बैठाते हैं. अचानक ब्रेक लगाकर बीच सड़क पर ऑटो खड़ा कर देने से पीछे से आने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है.

लोगों के अनुसार सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े टेंपो कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं. एनएच से जिले के वरीय अधिकारी भी लगातार गुजरते हैं और जाम की स्थिति देखते हैं.

एंबुलेंस के लिए भी रास्ता रोकते हैं ऑटो

शहर की सड़कों पर टेंपो खड़े रहने से सबसे अधिक परेशानी आपातकालीन वाहनों को होती है. अस्पताल से रेफर मरीजों को लेकर जाने वाले एंबुलेंस के हूटर बजने के बावजूद कई बार टेंपो चालक सड़क पर ही सवारी भरते रहते हैं. इससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है.

अलग-अलग मार्ग के लिए अलग-अलग जगह ऑटो

शहर में एक जगह टेंपो स्टैंड नहीं होने के कारण अलग-अलग मार्गों के लिए अलग-अलग स्थानों पर ऑटो खड़े रहते हैं. एनएच-33 पर दो बालिका विद्यालयों के पास किंजर, इमामगंज और करपी जाने वाले यात्रियों को ऑटो मिलते हैं.

बैदराबाद और मेहंदिया जाने के लिए भगत सिंह चौक के पास एनएच-139 के किनारे ऑटो खड़े रहते हैं. पालीगंज और प्रसादी इंग्लिश की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए महावीर चौक के पास ऑटो मिलते हैं, जबकि सहार जाने के लिए बस पड़ाव से टेंपो का संचालन होता है.

यात्रियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ना पड़ता है ऑटो

एक जगह टेंपो स्टैंड नहीं होने से यात्रियों को भी काफी परेशानी होती है. खासकर महिलाओं को अलग-अलग स्थानों पर जाकर ऑटो पकड़ना पड़ता है. जहानाबाद की ओर से आने वाले किसी यात्री को पालीगंज जाना हो तो उसे ऑटो पकड़ने के लिए महावीर चौक जाना पड़ता है. इसके लिए उसे अलग से रिक्शा या अन्य वाहन का सहारा लेना पड़ता है.

बस स्टैंड में टेंपो के लिए जगह उपलब्ध : कार्यपालक पदाधिकारी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोनू कुमार ने कहा कि बस स्टैंड में टेंपो के लिए भी स्टैंड उपलब्ध है. टेंपो चालक वहां अपनी ऑटो खड़ी कर सकते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nishikant kumr

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >