Support Camp in Jehanabad : जहानाबाद नगर बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग सह खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार और जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मंगलवार को काको प्रखंड की ग्राम पंचायत पिंजौरा में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया. इस दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और अधिकारियों से लोगों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं, योजनाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली.
आम लोगों से संवाद कर सुनी समस्याएं
मंत्री ने शिविर में पहुंचे आम लोगों और लाभुकों से सीधे संवाद किया. उन्होंने उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित समाधान करना है.
सहयोग पोर्टल पर आवेदन अपलोड करने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाये. संबंधित विभाग 30 दिनों के भीतर सभी आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
लाभुकों को बांटे गये जॉब कार्ड
शिविर के दौरान ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत लाभुक लाल कुमार मंडल, पिता नरेश सिंह, सुनील कुमार, पिता रामपति प्रसाद, भोला राम, पिता ब्रह्मदेव दास, प्रिया कुमारी, रंजीत कुमार, शिवनाथ प्रसाद, पिता राजबलव राय तथा उमेश प्रसाद, पिता रामलखन यादव को जॉब कार्ड वितरित किया गया.
जीविका दीदियों को मिला चार करोड़ से अधिक का बैंक ऋण
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों को रोजगार और स्वरोजगार के लिए 4 करोड़ 6 लाख 36 हजार रुपये के बैंक ऋण का लाभ प्रदान किया गया. इससे समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के अवसर बढ़ाने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी.
तीन लाभुकों को मिला राशन कार्ड
शिविर के दौरान ग्राम मई निवासी लाभुक अरविंद प्रसाद, रंजीत कुमार और अवधेश प्रसाद को राशन कार्ड निर्गत कर वितरित किया गया. राशन कार्ड मिलने से लाभुकों को सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सकेगा.
लंबित आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश
जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सहयोग शिविर में प्राप्त मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों का 30 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाये.
शिविर में आवेदन देने की अपील
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की कि वे सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा उपलब्ध विभागीय सेवाओं का लाभ उठायें. उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से सरकारी सेवाओं को लोगों के घर के करीब पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है.
