जहानाबाद: बंद मकान में छत के रास्ते घुसे चोर, छह लाख नकद समेत 30 लाख की संपत्ति ले उड़े

मखदुमपुर बाजार में दिनदहाड़े एक बंद मकान से चोरों ने 30 लाख रुपये की नकदी और गहने उड़ाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चोरों की तलाश कर रही है।

Jehanabad News : मखदुमपुर बाजार के लड़ोआ मोहल्ले में शुक्रवार की दोपहर अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. गृहस्वामी के अनुसार चोर घर से करीब छह लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. पीड़ित परिवार ने नकदी और सामान मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने का दावा किया है.

नाश्ता कर पति-पत्नी निकले, पीछे से घर में घुसे चोर

गृहस्वामी मखदुमपुर बाजार में मेडिकल शॉप चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी शिक्षिका हैं. शुक्रवार की सुबह दोनों नाश्ता करने के बाद घर में ताला लगाकर अपने-अपने काम पर चले गए. पति मेडिकल शॉप और पत्नी स्कूल चली गईं. इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को अपना निशाना बनाया.

छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर

बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए. इसके बाद घर के कमरों और सामान को खंगाला और नकदी, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. शाम को गृहस्वामी की पत्नी घर पहुंचीं और मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गईं तो घर का सामान बिखरा पड़ा था. कई कीमती सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए.

मां के इलाज के लिए रखे थे छह लाख रुपये

पीड़ित ने बताया कि उनकी मां बीमार हैं और गया के एक अस्पताल में भर्ती हैं. उनके इलाज के लिए घर में करीब छह लाख रुपये नकद रखे हुए थे. चोर नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान भी ले गए. परिवार के अनुसार चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये है. हालांकि वास्तविक नुकसान की जानकारी सामान की सूची तैयार होने और पुलिस को आवेदन दिए जाने के बाद स्पष्ट होगी.

डॉग स्क्वायड और वैज्ञानिक जांच की ली जाएगी मदद

घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार की देर शाम मखदुमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच में डॉग स्क्वायड और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद ली जाएगी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस बाजार और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना से जुड़े सुराग जुटाकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रमेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >