Jehanabad News : जहानाबाद जिले के घोसी प्रखंड क्षेत्र के माधोपुर गांव में हाल ही में हुई अगलगी की घटना में पीड़ित परिवार को गुरुवार को आपदा प्रबंधन के तहत तत्काल राहत उपलब्ध करायी गयी. घोसी अंचल कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अंचलाधिकारी अजीत कुमार की मौजूदगी में स्थानीय विधायक ऋतुराज कुमार ने अग्निपीड़ित परिवार को 12 हजार रुपये का चेक प्रदान किया.
आग लगने से हुआ था नुकसान
बताया जाता है कि माधोपुर गांव में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गयी थी. देखते ही देखते आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया था. घटना में घर में रखा अनाज, कपड़ा सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया था.
घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी अजीत कुमार ने राजस्व कर्मचारी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया था. इस दौरान पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में प्लास्टिक शीट भी उपलब्ध करायी गयी थी.
आपदा प्रबंधन के तहत स्वीकृत हुई राशि
अंचल कार्यालय की ओर से अगलगी में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत राहत राशि स्वीकृत की गयी.
गुरुवार को विधायक रितुराज कुमार के हाथों पीड़ित परिवार को 12 हजार रुपये का चेक सौंपा गया. चेक मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने राहत मिलने पर प्रशासन और विधायक के प्रति आभार जताया.
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का भरोसा
मौके पर अंचलाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन तत्पर है.
उन्होंने कहा कि अगलगी सहित अन्य आपदा की घटनाओं में पीड़ितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करायी जाती है. विधायक ने भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
