जहानाबाद जिले के काको प्रखंड अंतर्गत भेलावार थाना क्षेत्र के मसूरचक गांव में जमीन विवाद को लेकर दो गोतिया पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना में एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गए, जिससे गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया.
दो घायलों को सदर अस्पताल रेफर
मारपीट में घायल अर्जुन यादव और शारदा देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद रेफर किया गया. अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही भेलावार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
दोषियों पर होगी कानूनी कार्रवाई
भेलावार थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है.
