Jehanabad News: नगर पंचायत काको के मध्य विद्यालय के समीप स्थित मुख्य जलमीनार का मोटर दोबारा जल जाने के कारण पिछले चार दिनों से नगर के कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है. लगातार चार दिनों से नलों से पानी की आपूर्ति बंद होने से एक बड़ी आबादी गंभीर जल संकट का सामना कर रही है. भीषण गर्मी के बीच पानी न मिलने से आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को सुबह-शाम पेयजल के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है.
वैकल्पिक पानी वितरण की कोई व्यवस्था नहीं
जलापूर्ति ठप रहने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन द्वारा प्रभावित मोहल्लों में टैंकर के जरिए वैकल्पिक पानी वितरण की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. कई परिवार निजी समरसेबल पंपों के सहारे अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं, जबकि गरीब तबके के लोगों को दूर-दराज के चापाकलों और अन्य जल स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है.
मरम्मत के लिए पटना भेजा गया मोटर
मामले को लेकर नगर पंचायत की कनीय अभियंता (JE) अर्चना ने बताया कि जलमीनार का मोटर खराब होने के बाद उसे दो दिन पूर्व निकालकर मरम्मत के लिए पटना भेजा गया था. शनिवार तक मरम्मत का कार्य पूरा कर मोटर वापस लाकर जलापूर्ति शुरू करने की योजना थी, परंतु रक्षाबंधन पर्व के कारण मैकेनिक द्वारा समय पर मरम्मत न किए जाने से इसमें विलंब हुआ.
रविवार शाम तक बहाली की उम्मीद
उन्होंने आश्वस्त किया कि रविवार को पटना से मोटर पहुंचते ही उसे बोरिंग में री-इंस्टॉल कर दिया जाएगा और शाम तक सभी प्रभावित वार्डों में नियमित जलापूर्ति बहाल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा. इधर, नगरवासियों ने जलापूर्ति जल्द बहाल करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक स्टैंडबाय (अतिरिक्त) मोटर और वैकल्पिक व्यवस्था रखने की मांग की है.
