Jehanabad : टेंपो सवार महिला के बैग का ताला तोड़कर हजारों के जेवरात उड़ाये

शहर में इन दिनों यात्री के वेश में चोर-उचक्का गिरोह सक्रिय है, जो मौके का फायदा उठाकर यात्रियों के बैग में रखे नकदी और जेवर चोरी कर रहे हैं

जहानाबाद

. शहर में इन दिनों यात्री के वेश में चोर-उचक्का गिरोह सक्रिय है, जो मौके का फायदा उठाकर यात्रियों के बैग में रखे नकदी और जेवर चोरी कर रहे हैं. बुधवार को ऐसी ही एक घटना सामने आई, जब बच्चों के साथ टेंपो में सवार महिला के बैग से चांदी के चेन, पायल व हजारों रुपये के जेवर चोरी हो गयी. जानकारी के अनुसार, अरवल जिले के रामपुर चौरम थाना अंतर्गत इटवां निवासी विजेंद्र साव की पत्नी शांति देवी अपने बच्चों के साथ गया के परैया स्थित मायके से ट्रेन से जहानाबाद आयी और अरवल जाने के लिए टेंपो में बैठी. इसी दौरान चार उचक्का उसके टेंपो में सवार हो गये. महिला ने बताया कि उचक्कों ने उसके बेटे को पीछे की सीट से आगे स्थानांतरित कर दिया. टेंपो चलने के दौरान महिला को संदेह हुआ क्योंकि उचक्के बार-बार बैग पर हाथ फेर रहे थे. उन्होंने विरोध किया, लेकिन उचक्कों ने भीड़ का हवाला देकर हाथ पीछे रखने की बात कही. इसके बाद उचक्कों ने गमछी से बैग को ढककर ताला तोड़ा और जेवर चोरी कर लिया. महिला को चोरी का पता तब चला जब उचक्के चारों उतर गये. घटना की सूचना मिलने पर महिला ने टेंपो चालक को बताया और स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया. पकड़ा गया उचक्का राजाबाजार दक्षिणी दौलतपुर का निवासी है. पुलिस उसकी पूछताछ कर रही है और बाकी फरार उचक्कों की पहचान में लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mintu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >