Jehanabad Weapon viral Video : (अशोक कुमार की रिपोर्ट) जिले में गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. वायरल वीडियो में एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक नजर आ रहे हैं, जिनमें से दो युवक खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है तथा युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है.
लोहा बीघा गांव के आसपास का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो काको थाना क्षेत्र के लोहा बीघा गांव के आसपास का बताया जा रहा है. वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी इसकी व्यापक चर्चा हो रही है. पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ-साथ उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान में जुट गई है.
संभावित ठिकानों पर चल रही लगातार छापेमारी
काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वीडियो में दिख रहे कुछ युवकों की पहचान घोसी एवं काको थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी के रूप में हुई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
हथियार प्रदर्शन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. वायरल वीडियो को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है.
इसे भी पढ़ें : असम में शहीद वायुसेना अधिकारी शुभम कुमार के मुआवजे पर पिता ने उठाया सवाल, बोले- माता-पिता के अधिकारों की भी हो रक्षा
