Jahanabad Water Crisis: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 और 9 में पिछले 15 दिनों से पेयजल संकट गहराने के बाद शनिवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. नाराज स्थानीय निवासियों ने निजामुद्दीनपुर के समीप जहानाबाद-एकंगरसराय NH-110 को जाम कर प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
15 दिनों से ठप है 'हर घर नल का जल' योजना
स्थानीय लोगों के अनुसार, राज्य सरकार की 'हर घर नल का जल' योजना के तहत दोनों वार्डों में पिछले 15 दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है. इसके कारण हजारों लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. भीषण गर्मी और दैनिक जरूरतों के बीच पानी नहीं मिलने से नगर परिषद प्रशासन के प्रति लोगों में भारी नाराजगी है.
दलित और पिछड़े वर्ग की बस्तियों में सबसे अधिक परेशानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी महादलित, दलित, अति पिछड़ा और पिछड़ा वर्ग की बस्तियों के लोगों को झेलनी पड़ रही है. नलों में पानी नहीं आने से घरों के दैनिक कार्य प्रभावित हो गए हैं. लोग सुबह से ही बाल्टी और बर्तन लेकर पीने के पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार दूसरे लोगों के निजी चापाकलों या घरों से पानी मांगने पर उन्हें डांटकर वापस लौटा दिया जाता है.
पूर्व पार्षद ने नगर परिषद की कार्यशैली पर उठाए सवाल
वार्ड संख्या 8 के पूर्व पार्षद वैकुंठ यादव ने नगर परिषद प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी और संबंधित अभियंताओं से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. 15 दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका. उन्होंने कहा कि जलस्तर कम होना या तकनीकी खराबी प्रशासन के लिए बहाना नहीं हो सकता. लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार और नगर परिषद की जिम्मेदारी है.
48 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन
पूर्व पार्षद और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर वार्ड संख्या 8 और 9 में नल-जल योजना के तहत जलापूर्ति बहाल नहीं की गई या वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पानी के टैंकर उपलब्ध नहीं कराए गए, तो क्षेत्र के लोग नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे.
