जहानाबाद में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए उपद्रव और पथराव के बाद पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि जिले में फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है. पुलिस हर गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए है.
उपद्रव में 15 आरोपी गिरफ्तार
आईजी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल होकर हिंसा फैलाने लगे. पथराव में टाउन इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी. मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.
बिहार बंद को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आगामी बिहार बंद को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों और जवानों को हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
छात्र संगठनों से संवाद जारी
आईजी विकास वैभव ने कहा कि छात्र संगठनों से लगातार बातचीत की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन सभी का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी.
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और छात्रों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है.
