जहानाबाद में रात के अंधेरे में विद्यालय को बनाया निशाना, टीवी, कंप्यूटर और इनवर्टर लेकर फरार हुए चोर

Jehanabad News: जहानाबाद के नगर थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय से चोरों ने लाखों रुपये के टीवी, कंप्यूटर, इनवर्टर समेत अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

जहानाबाद से अशोक कुमार की रिपोर्ट
Jehanabad News: जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र के संगम घाट के समीप स्थित एक निजी विद्यालय में देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. चोर विद्यालय का ताला तोड़कर टीवी, कंप्यूटर सेट, इनवर्टर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये बताई जा रही है.

बाहर से लौटे संचालक तो खुला मिला विद्यालय

विद्यालय संचालक मधुकांत पाण्डेय ने बताया कि वह परिवार के साथ किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए हुए थे. सोमवार सुबह लौटने पर मुख्य गेट बंद था, लेकिन अंदर के कमरों के दरवाजे खुले मिले. जांच करने पर बच्चों की पढ़ाई के लिए लगाए गए टीवी, कंप्यूटर सेट, इनवर्टर और अन्य सामान गायब मिले.

दो से ढाई लाख रुपये की संपत्ति चोरी

संचालक के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपये है. इस घटना से विद्यालय को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने की आशंका है.

शिकायत के बाद भी नहीं थमा असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

विद्यालय संचालक ने आरोप लगाया कि विद्यालय के आसपास लंबे समय से असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. इसकी शिकायत कई बार मौखिक और लिखित रूप से पुलिस से की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ गए.

Jehanabad News: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है.

ALSO READ: जहानाबाद में 48 बोतल विदेशी शराब के साथ डिलीवरी बॉय गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Karunatiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >