जहानाबाद से संजय अनुराग
Jehanabad News : जहानाबाद पुलिस ने पिछले 24 घंटे के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बाइक चोरी के एक आरोपी और शराब के तीन धंधेबाज समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. अभियान के दौरान तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. साथ ही 8 लीटर देसी शराब और 630 किलो जावा महुआ जब्त किया गया. वाहन जांच अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वालों से 39 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया.
बाइक चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
नगर थाना क्षेत्र में हुई बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने टेहटा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव से वांछित आरोपी सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
तीन शराब तस्कर और वारंटी भी दबोचे गए
काको थाना क्षेत्र से शराब तस्करी के आरोप में महेंद्र मांझी और सखीचंद मांझी को गिरफ्तार किया गया. वहीं भेलावर थाना क्षेत्र से ललिता देवी को शराब कारोबार के आरोप में पकड़ा गया. इसी थाना क्षेत्र के कुमरडीह गांव से गैर जमानती वारंट के मामले में वांछित डोमन यादव को भी गिरफ्तार किया गया.
शराब पीने के आरोप में छह लोग पकड़े गए
पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए शराब पीने के आरोप में छह लोगों को भी गिरफ्तार किया है. सभी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
तीन भट्ठियां ध्वस्त, 39 हजार का जुर्माना
अभियान के दौरान पुलिस ने तीन अवैध शराब भट्ठियों को नष्ट किया तथा 630 किलो जावा महुआ और 8 लीटर देसी शराब बरामद की. वहीं वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से कुल 39 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.
इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
