Jehanabad News (संजय अनुराग की रिपोर्ट): जहानाबाद जिले में पुलिस द्वारा पिछले 24 घंटे के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में छिनतई के दो आरोपी सहित 10 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि इस कार्रवाई के दौरान 134 लीटर देसी शराब, 3400 किलो जावा महुआ तथा एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी बरामद की गई है. इस दौरान अवैध शराब निर्माण की चार बड़ी भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त किया गया है. पुलिस ने छह आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
छिनतई के आरोपी भी दबोचे
पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों में से नगर थाना से छिनतई के मामले में वांछित पटना जिले के मसौढ़ी और विक्रम के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इसके साथ ही कड़ौना थाना क्षेत्र से नॉनवेलेबल वारंट के तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है. वहीं पाली थाना क्षेत्र से शराब पीने के मामले में तीन लोगों को तथा कल्पा थाने की पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को पकड़ा गया है.
वारंटी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
इसके साथ ही काको थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई करते हुए एक इश्तिहार वारंटी को भी सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की यह कड़ी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी. जिले की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं.
वाहन चेकिंग में वसूला जुर्माना
पिछले 24 घंटे के दौरान जहानाबाद नगर थाना सहित पूरे जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया है. इस दौरान वाहनों के जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से कुल 27,000 रुपए का नकद जुर्माना वसूल किया गया है. पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई से जिले के वाहन चालकों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बीच हड़कंप का माहौल देखने को मिल रहा है.
Also Read: SP अपराजित लोहान की सख्ती, पुलिस वाहनों की परेड कर जांची स्थिति, रखरखाव दुरुस्त रखने का निर्देश
