जहानाबाद. एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर जिले में शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में काको थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में एएलटीएफ के सहयोग से छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान करीब 65 लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया. साथ ही 34 लीटर चुलाई शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए.
जिलेभर में 101 लीटर देसी शराब बरामद
पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए सघन अभियान के दौरान कुल 101 लीटर देसी शराब बरामद की. इसके अलावा तस्करों द्वारा जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए करीब 40 क्विंटल जावा महुआ को भी बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
फरार अभियुक्त गिरफ्तार, शराब बनाने के उपकरण जब्त
अभियान के दौरान शराब से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं.
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से वसूला जुर्माना
एसपी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जिले में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 88,500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए. इसके अलावा पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की और एक अपहृता को भी सकुशल बरामद किया.
अभियान आगे भी रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा. शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
