जहानाबाद में जमीन विवाद पर भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडे और रोड़ेबाजी में 10 घायल

जहानाबाद के मिर्जापुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 10 लोग घायल, दो की हालत गंभीर होने पर पीएमसीएच पटना रेफर किया गया।

काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. मारपीट और रोड़ेबाजी की घटना में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए. इनमें दो की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है. अन्य घायलों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में कराया जा रहा है.

लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवादित जमीन की सीओ के स्तर से मापी भी करायी गयी थी. बताया जाता है कि इसके बावजूद दूसरे पक्ष की ओर से जमीन की मापी को लेकर सहमति नहीं थी. इसी जमीन को लेकर मंगलवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

सदर अस्पताल में भर्ती मारपीट में घायल मिर्जापुर गांव के लोग | Prabhat Khabar Network

खेत जोतने पहुंचे पक्ष पर हुआ हमला

मंगलवार को पहला पक्ष विवादित जमीन को जोतने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से हमला कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी भी हुई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मारपीट में छह लोग घायल

घटना में पहले पक्ष के अरविंद कुमार, विजय यादव, धनंजय कुमार, दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी समेत छह लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया. यहां गंभीर रूप से घायल प्रियंका कुमारी और दीपक कुमार की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल में भर्ती मारपीट में घायल मिर्जापुर गांव के लोग | Prabhat Khabar Network

दूसरे पक्ष के चार लोग भी घायल

मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष से द्वारिका यादव समेत चार लोगों के घायल होने की जानकारी है. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही काको थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मिर्जापुर गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है. पुलिस पूरे मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है.

सदर अस्पताल में भर्ती मारपीट में घायल मिर्जापुर गांव के लोग | Prabhat Khabar Network

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

मिर्जापुर गांव में हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है. जमीन विवाद को लेकर दोबारा तनाव न बढ़े, इसके लिए पुलिस की नजर गांव की स्थिति पर बनी हुई है.

जहानाबाद में बेखौफ बदमाशों ने युवक से मारपीट कर सोने की चेन और 15 हजार रुपये लूटे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अनुराग

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >