जहानाबाद : कारगिल के वीर सपूत टुनटुन शर्मा के 24वें शहादत दिवस पर नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

जहानाबाद के चैनपुरा गांव में कारगिल युद्ध के शहीद टुनटुन शर्मा का 24वां शहादत दिवस मनाया गया. इस अवसर पर ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

जहानाबाद जिले के सदर प्रखंड स्थित चैनपुरा गांव में कारगिल युद्ध के वीर शहीद टुनटुन शर्मा के 24वें शहादत दिवस पर बुधवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. वर्ष 2002 में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद टुनटुन शर्मा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.

शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री सह जिला बीस सूत्री सदस्य रवि शेखर ने शहीद टुनटुन शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि शहीद टुनटुन शर्मा ने मां भारती की अखंडता और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी. ऐसे वीर सपूतों के त्याग और बलिदान के कारण ही देश आज सुरक्षित है.

'शहीदों का बलिदान हमेशा रहेगा प्रेरणा'

रवि शेखर ने कहा कि पूरा देश शहीद टुनटुन शर्मा और उनके परिवार का सदैव ऋणी रहेगा. उन्होंने लोगों से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने की अपील की. वक्ताओं ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी कभी व्यर्थ नहीं जाएगी और आने वाली पीढ़ियां उनके साहस और बलिदान से प्रेरणा लेती रहेंगी.

परिजनों और ग्रामीणों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

शहादत दिवस कार्यक्रम में शहीद की मां गेंदा देवी, भाई अशोक शर्मा सहित ग्रामीण नीतीश कुमार, गंगा शर्मा, पंकज ठाकुर और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव देखने को मिला और लोगों ने शहीद के बलिदान को हमेशा याद रखने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >