जहानाबाद में अपराध नियंत्रण और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने 7 अगस्त की रात मई हॉल्ट के समीप तैनात हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का जायजा लिया.
पेट्रोलिंग वाहन के उपकरणों की जांच
एसपी ने पेट्रोलिंग वाहन की स्थिति के साथ उसमें उपलब्ध वायरलेस सेट, टॉर्च, बैरिकेड, प्राथमिक उपचार किट और अन्य आवश्यक उपकरणों की बारीकी से जांच की. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से ड्यूटी रोस्टर, पेट्रोलिंग रूट और अब तक की कार्रवाई की जानकारी भी ली.
रात में सघन गश्ती के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने पुलिसकर्मियों को हाईवे पर 24 घंटे सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने विशेष रूप से रात के समय सघन गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने को कहा. तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और लूट-छिनतई जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.
आपात स्थिति में तुरंत पहुंचने पर जोर
एसपी ने कहा कि हाईवे पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाना है. किसी भी आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना या आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध करानी चाहिए. उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम लोगों से शालीनता से पेश आने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया.
डायल 112 की प्रतिक्रिया समय की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने डायल 112 की प्रतिक्रिया समय और थाने के साथ समन्वय की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि पेट्रोलिंग के दौरान नियमित रूप से वरीय पदाधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाए, ताकि गश्ती व्यवस्था में किसी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे.
हाईवे पर बढ़ेगी पुलिस की निगरानी
पुलिस अधीक्षक के औचक निरीक्षण से हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात पुलिसकर्मियों की अलर्टनेस बढ़ी है. स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर बढ़ी गश्ती व्यवस्था की सराहना की है. पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य हाईवे प्वाइंट्स पर भी इसी तरह औचक जांच की जाएगी.
