घोसी. जहानाबाद-घोसी मुख्य सड़क पर मंगलवार सुबह घुरनबिगहा गांव के समीप हुए सड़क हादसे में एक निजी विद्यालय के दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) घोसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है.
विद्यालय जाते समय मिट्टी पर फिसली बाइक
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल शिक्षकों की पहचान जहानाबाद निवासी 23 वर्षीय विट्टू कुमार और 27 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. दोनों घोसी स्थित आरसीपीएस विद्यालय में शिक्षक हैं. मंगलवार सुबह वे प्रतिदिन की तरह बाइक से विद्यालय जा रहे थे. इसी दौरान घुरनबिगहा गांव के पास सड़क पर फैली मिट्टी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर पलट गई. हादसे में दोनों शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, समय पर मिला इलाज
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सड़क से उठाकर पीएचसी घोसी पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि समय पर इलाज मिलने से दोनों की हालत में सुधार है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है.
सड़क पर फैली मिट्टी हटाने की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैली मिट्टी को दुर्घटना का मुख्य कारण बताते हुए संबंधित विभाग से तत्काल सफाई कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर मिट्टी, गिट्टी और निर्माण सामग्री फैले रहने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने प्रशासन से नियमित निगरानी और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
