Jehanabad News: जहानाबाद के गांधी मैदान में सुबह हो या शाम, हर समय सैकड़ों युवा विभिन्न बहालियों की फिजिकल तैयारी में जुटे रहते हैं. इसके अलावा सुबह और शाम मार्निंग व इवनिंग वॉक करने वाले लोगों की भी बड़ी संख्या यहां पहुंचती है. शहर में बड़े आयोजन, राजनीतिक रैली और सभाएं भी गांधी मैदान में ही होती हैं. इसके बावजूद यहां आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है.
लोगों की सुविधा को देखते हुए बुडको की ओर से करीब 60 लाख रुपये की लागत से डीलक्स शौचालय का निर्माण कराया गया है. लेकिन निर्माण और उद्घाटन के बाद भी मॉडल शौचालय में ताला लटका हुआ है. इससे गांधी मैदान में आने वाले लोगों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है.
उद्घाटन के बाद भी नहीं खुला शौचालय का ताला
स्थानीय लोगों के अनुसार, तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान मॉडल शौचालय का उद्घाटन भी किया था. लोगों को उम्मीद थी कि उद्घाटन के बाद शौचालय का नियमित रूप से उपयोग शुरू हो जायेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
निर्माण के बाद से ही शौचालय बंद रहने के कारण गांधी मैदान आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर लंबे समय तक फिजिकल तैयारी करने वाले युवक-युवतियों के लिए यह समस्या और गंभीर हो जाती है.
फिजिकल तैयारी करने वालों में बड़ी संख्या युवतियों की
गांधी मैदान में हर दिन बड़ी संख्या में युवा सिपाही समेत विभिन्न सरकारी बहालियों की तैयारी करते नजर आते हैं. इनमें युवतियों की संख्या भी काफी अधिक है. शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण युवतियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है.
गांधी मैदान के आसपास सघन आबादी होने के कारण सार्वजनिक शौचालय के अभाव में आसपास के गली-मुहल्लों का सहारा लेना भी उनके लिए सहज नहीं है. ऐसे में कई युवतियां घंटों की फिजिकल तैयारी के दौरान परेशानी झेलने को मजबूर हैं.
पेयजल के लिए भी आसपास के घरों का सहारा
गांधी मैदान में फिजिकल तैयारी करने वाले युवक-युवतियों को शौचालय के साथ पेयजल की समस्या भी झेलनी पड़ रही है. मैदान में शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग आसपास के घरों से पानी मांगकर अपनी प्यास बुझाते हैं.
घंटों अभ्यास करने के दौरान पानी की जरूरत पड़ती है. यही वजह है कि अधिकांश युवा अब अपने साथ पानी से भरी बोतल लेकर मैदान पहुंचते हैं. इसके बावजूद पानी खत्म होने पर उन्हें आसपास के घरों का सहारा लेना पड़ता है.
बड़े आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण है गांधी मैदान
गांधी मैदान शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग वॉक और फिजिकल तैयारी के लिए पहुंचते हैं. इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों की रैली, सभा और अन्य बड़े कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं.
ऐसे में लोगों का कहना है कि मैदान में शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था जरूरी है. करीब 60 लाख रुपये की लागत से बने डीलक्स शौचालय के चालू होने से लोगों को काफी राहत मिल सकती है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार ने कहा कि गांधी मैदान में डीलक्स शौचालय का निर्माण कराया गया है. इसे लोगों के उपयोग के लिए शीघ्र ही चालू करा दिया जायेगा, जिससे लोगों की परेशानी दूर हो जायेगी.
इसे भी पढ़ें: Watch Video: 8 कमरों का घर, फिर भी छत पर जिंदगी! पटना में बाढ़ की भयावह तस्वीर, जानिए Ground Realit
