Jehanabad DM Tshering Y. Bhutia : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-144, दुग्ध शीतल केंद्र में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का जिला स्तरीय शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर तथा पोषण जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाकर किया गया. 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित किया जाएगा.
कार्यक्रम के क्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस द्वारा जिला पदाधिकारी को केंद्र पर बनाई गई पोषण रंगोली एवं पोषण टेबल का अवलोकन कराया गया. पोषण रंगोली के माध्यम से प्रोटीन युक्त आहार, विभिन्न प्रकार के फल एवं हरी सब्जियों सहित संतुलित एवं विविध आहार का प्रदर्शन किया गया तथा उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई.
जहानाबाद की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें.
Jehanabad DM ने स्थानीय व्यंजन चखा, गर्भवती की गोदभराई की
पोषण टेबल पर सेविका-सहायिका द्वारा “भोजन माता” के रूप में तैयार किए गए विविध पौष्टिक व्यंजनों का जिला पदाधिकारी द्वारा अवलोकन किया गया. इसमें रागी ठेकुआ, सूजी पुआ, मिक्स लड्डू, सहजन की भाजी, सब्जी पुलाव सहित अन्य स्थानीय एवं पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए थे.
भोजन माता के आग्रह पर जिला पदाधिकारी ने तैयार व्यंजनों का स्वाद भी चखा तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल कर आहार विविधता एवं पर्याप्त पोषण को बढ़ावा देने की पहल की सराहना की.
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी द्वारा केंद्र पर उपस्थित सातवें माह की गर्भवती लाभार्थी राजना भारती की पारंपरिक रूप से गोद भराई की गई. उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित मातृत्व की शुभकामनाएं दी गईं. साथ ही 6 माह के शिशु रेयांश राज को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया गया.
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी द्वारा 03 गर्भवती महिलाओं सहित 10 लाभार्थियों को टेक होम राशन का लाभ प्रदान किया गया. लाभार्थियों को टेक होम राशन के नियमित एवं उचित उपयोग तथा इसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई. साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा 1 कुपोषित बच्ची को पुनर्वास केंद्र पर भेजने का निर्देश दिया गया.
प्रत्येक परिवार तक सही पोषण व्यवहार पहुंचाना जरूरी : Tshering Y. Bhutia
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सेविका-सहायिका, लाभार्थियों एवं समुदाय के सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि पोषण माह का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों, किशोरियों तथा प्रत्येक परिवार तक सही पोषण संबंधी व्यवहार पहुंचाना है.
उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों, प्रोटीन युक्त भोजन, फल एवं सब्जियों के नियमित सेवन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया. जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को निर्देश दिया गया कि 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर तक आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का जिले में प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं व्यापक रूप से आयोजन सुनिश्चित किया जाए.
9th Rashtriya Poshan Maah : यह है कार्यक्रम का स्वरूप
बता दें कि 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य जैसे प्रमुख विषयों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त, जहानाबाद श्री आदित्य कुमार पियूष, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका , सेविका-सहायिका, अन्य लाभार्थी एवं बच्चे उपस्थित थे.
