जहानाबाद के रतनी पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम ने सुनीं समस्याएं, लाभुकों को बांटे 51.90 लाख के चेक

रतनी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में डीएम ने 73 जीविका समूहों को 51.90 लाख रुपये का चेक सौंपा और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया.

Jehanabad News : रतनी प्रखंड क्षेत्र की रतनी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी छिरिड बाई भूटिया, मुखिया गिनी देवी और बीडीओ आकांक्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधारोपण भी किया. शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जिनका डीएम ने निरीक्षण किया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने भी शिविर में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं.

मौके पर समस्याओं के समाधान का प्रयास

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. उन्होंने बताया कि सामान्य मामलों का निपटारा मौके पर किया जा रहा है, जबकि गंभीर मामलों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा.

जीविका समूहों और लाभुकों को मिला आर्थिक सहयोग

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने 73 जीविका समूहों को कुल 51 लाख 90 हजार रुपये का चेक प्रदान किया. वहीं स्वच्छता योजना के छह लाभुकों को 12-12 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक भी वितरित किया गया.

सहयोग पोर्टल पर अपलोड किए गए आवेदन

बीडीओ आकांक्षा सिंह ने बताया कि शिविर में राजस्व विभाग से जुड़े 17 आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा विद्युत विभाग के पांच तथा अन्य विभागों से संबंधित दो दर्जन से अधिक आवेदन मिले. सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है और इनके शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

नुक्कड़ नाटक से किया गया जागरूक

शिविर के दौरान नारायण युवा कला जत्था ने टीबी उन्मूलन और नशामुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया. कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह कुशवाहा, सीओ नुजहत, पीओ धीरज कुमार सिन्हा, बीएओ हारून रशीद, बीइओ रवि कुमार, स्वच्छता समन्वयक द्रवेश कुमार, पंचायत सचिव अभिषेक कुमार, गौरव कुमार, जयराम शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि पंचदेव कुमार, प्रभाकर, सोनू कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read : निशांत कुमार अचानक पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, मरीजों से की बात, व्यवस्थाओं को देख भड़के


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Avinash kumar

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >