Jahanabad News: जहानाबाद स्थित सदर अस्पताल परिसर में मुख्य प्रवेश मार्ग पर नाली का गंदा पानी लगातार बहने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल का यह रास्ता इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम और अन्य महत्वपूर्ण विभागों तक जाता है, जिससे रोजाना सैकड़ों लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है.
डायलिसिस सेंटर की पाइप लाइन बनी समस्या की वजह
जानकारी के अनुसार डायलिसिस सेंटर की नाली की पाइप लाइन टूट जाने और ओवरफ्लो की स्थिति के कारण पानी रिसकर पूरे रास्ते में फैल रहा है. इससे अस्पताल परिसर में जलजमाव की स्थिति बन गई है और आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है.
मरीजों और परिजनों को झेलनी पड़ रही भारी दिक्कत
गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यह स्थिति महीनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है. खासकर बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी, मरम्मत की मांग तेज
स्थानीय लोगों का कहना है कि एंबुलेंस और भारी आवाजाही के कारण पाइप बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाता है, लेकिन इसकी मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है.
अधिकारियों का बयान: पाइप क्षतिग्रस्त होने से बढ़ी समस्या
डायलिसिस सेंटर के प्रभारी डॉ. फैयाज अहमद ने बताया कि डायलिसिस के पानी से ज्यादा समस्या टंकी के ओवरफ्लो और नल के उपयोग से हो रही है. उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की आवाजाही से पाइप फट गया है, जिसकी मरम्मत के लिए अस्पताल प्रबंधन को सूचित कर दिया गया है.
