Jahanabad News: (अशोक कुमार की रिपोर्ट)
जहानाबाद घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत डेढ़साईं बिगहा गांव में मंगलवार (आज) की सुबह हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है.
मृतक की पहचान डेढ़साईं बिगहा गांव निवासी सत्येंद्र यादव के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार सत्येंद्र मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान वे गली में पहले से गिरे 440 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
घरवालों की नींद खुली तो गली में पड़ा मिला युवक
बताया जाता है कि कुछ देर बाद परिजनों की नींद खुली तो वे घर से बाहर निकले. इस दौरान उन्होंने सत्येंद्र को गली में अचेत अवस्था में पड़ा देखा. परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और युवक दम तोड़ चुका था. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जर्जर तारों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जर्जर बिजली तारों की शिकायत कई बार मौखिक और लिखित रूप से विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही को युवक की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
