flood in jehanabad : जहानाबाद जिले में दरधा और मोरहर नदी पूरे उफान पर है. सुबह से शाम के बीच नदी के जलस्तर में करीब दो फीट की वृद्धि होने से शहर और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. शहर के जाफरगंज पुल के ऊपर करीब पांच फीट पानी बह रहा है, जबकि एसएस कॉलेज के समीप दरधा नदी के पुल पर चार फीट पानी का तेज बहाव है.
जाफरगंज पुल की रेलिंग की जाली टूटी
सुबह जाफरगंज पुल पर करीब तीन फीट और एसएस कॉलेज के समीप पुल पर ढाई फीट पानी बह रहा था. दिनभर में जलस्तर में तेजी से वृद्धि होने के कारण पानी का बहाव खतरनाक हो गया. तेज धार के कारण जाफरगंज पुल की रेलिंग में लगी जाली भी टूट गयी. जिला प्रशासन ने दोनों पुलों पर बांस से बैरिकेडिंग कर दी है.
बैरिकेडिंग के बावजूद जान जोखिम में डालकर आवाजाही
दोपहर तक पुल पर बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी नहीं होने के कारण कई लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार करते नजर आये. पानी के तेज बहाव के बीच आवाजाही से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
कई मोहल्लों के घरों में घुसा पानी
नदी के जलस्तर में दो फीट की वृद्धि के बाद जाफरगंज, अंबेडकर नगर और होरिलगंज के कुछ घरों में पानी प्रवेश कर गया है. खान बहादुर रोड से पाठक टोली जाने वाले मार्ग, पुरीगंज रोड से प्रेम नगर जाने वाले रास्ते और श्याम नगर के शक्तिनगर रोड पर भी नदी का पानी चढ़ गया है.
संकट मोचन मंदिर परिसर में भी पहुंचा पानी
होरिलगंज में नदी किनारे स्थित संकट मोचन मंदिर के परिसर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. इससे आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. निचले इलाकों में रहने वाले लोग लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं.
शकूराबाद पुल पर तीन फीट पानी
उधर रतनी फरीदपुर प्रखंड के शकूराबाद बाजार स्थित पुल पर करीब तीन फीट पानी बह रहा है. प्रखंड के कई ग्रामीण इलाकों में बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं. लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों में चिंता बढ़ गयी है और प्रशासन से स्थिति पर लगातार निगरानी रखने की मांग की जा रही है.
