अरवल में मानसून की दस्तक से किसानों के खिले चेहरे, धान रोपनी की तैयारी तेज; मजदूरों की कमी बनी चुनौती

Arwal News : अरवल जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही किसानों के चेहरे पर खुशी है. बारिश के बाद धान रोपनी की तैयारी तेज हो गई है, लेकिन मजदूरों की कमी एक बड़ी समस्या बन गई है. जानें किसानों की क्या है चिंताएं.

Arwal News : अरवल जिले में झमाझम बारिश के साथ मानसून की दस्तक हो गई है. जिलेभर में हल्की से मध्यम बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब धान की रोपाई के लिए खेत तैयार करने में जुट गए हैं.

बारिश से धान रोपनी की तैयारी शुरू

किसानों ने बताया कि 7 जुलाई से पुनर्वसु नक्षत्र की शुरुआत हो चुकी है. अद्रा नक्षत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण खेती का कार्य प्रभावित था. अब लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी भर गया है, जिससे जुताई, मेड़बंदी और रोपाई की तैयारी तेज हो गई है.

रोहिणी नक्षत्र में जिन किसानों ने धान का बिचड़ा डाला था, वे अब रोपनी शुरू करने की तैयारी में जुट गए हैं. हालांकि अधिकांश किसानों का बिचड़ा अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और उसे रोपाई योग्य बनने में 10 से 15 दिन का समय लगेगा.

जिले में अभी 3 से 5 प्रतिशत हुई रोपनी

बारिश के बाद किसानों ने खेत तैयार करना शुरू कर दिया है. कई स्थानों पर ट्रैक्टर से दिन-रात जुताई का कार्य चल रहा है. किसानों का कहना है कि यदि समय पर अच्छी बारिश होती रही तो धान की रोपाई निर्धारित समय में पूरी हो जाएगी. किसानों के अनुसार जिले में अभी 4 से 5 प्रतिशत तक ही धान की रोपाई हुई है.

रोपनी के लिए मजदूरों की कमी

बारिश के साथ अब किसानों के सामने मजदूरों की कमी बड़ी समस्या बन गई है. किसानों का कहना है कि स्थानीय मजदूर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे हैं और जो मिल रहे हैं, वे अधिक मजदूरी की मांग कर रहे हैं. किसान संजीत कुमार ने बताया कि बाहर से रोपनी मजदूरों के आने का इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि स्थानीय मजदूर मनमाना मेहनताना मांग रहे हैं.

गर्मी से मिली राहत

लगातार बारिश के कारण लोगों को उमसभरी गर्मी से भी राहत मिली है. किसानों सुनील कुमार, रविंद्र सिंह, जगेश सिंह और रमेश सिंह ने कहा कि यदि इसी तरह बारिश होती रही तो इस वर्ष धान की रोपाई समय पर पूरी हो जाएगी.

क्या बोले जिला कृषि पदाधिकारी

जिला कृषि पदाधिकारी रंजीत कुमार झा ने बताया कि जिले में अभी पर्याप्त बारिश नहीं हुई है, इसलिए धान रोपनी ने पूरी रफ्तार नहीं पकड़ी है. उन्होंने बताया कि अभी केवल कुछ किसानों ने ही रोपाई शुरू की है और जिले में अब तक लगभग 3 प्रतिशत धान रोपनी का कार्य पूरा हुआ है.

Also Read:बांकीपुर में क्यों बदला भाजपा का उम्मीदवार? अभिषेक बंटी की जगह नीरज सिन्हा को उतारने के पीछे क्या है रणनीति


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nishikant kumr

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >