जहानाबाद: जीएनएम छात्राओं को दी गई डायबिटीज मरीजों की देखभाल और डाइट काउंसलिंग की ट्रेनिंग

जीएनएम अस्पताल जहानाबाद में छात्राओं को मधुमेह मरीजों की देखभाल और डाइट काउंसलिंग पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया. छात्राओं ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा.

Jehanabad News : जहानाबाद सदर अस्पताल स्थित जीएनएम भवन में सोमवार को जीएनएम छात्राओं के लिए डायबिटीज मरीजों की देखभाल एवं डाइट काउंसलिंग पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और डायबिटीज रोगियों के खान-पान, जीवनशैली तथा देखभाल से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की.

संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या पर दिया जोर

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि डायबिटीज मरीजों के भोजन में कम कैलोरी और अधिक फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ शामिल होने चाहिए. साथ ही मीठे एवं अन्य हानिकारक खाद्य पदार्थों से परहेज करना आवश्यक है. उन्हें यह भी बताया गया कि अनुवांशिक कारणों के अलावा अनियमित दिनचर्या भी डायबिटीज का प्रमुख कारण है.

व्यायाम और पर्याप्त नींद की दी जानकारी

प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित प्राणायाम, व्यायाम, प्रतिदिन कम से कम एक घंटे की सैर और आठ घंटे की पर्याप्त नींद से डायबिटीज को काफी हद तक नियंत्रित रखा जा सकता है. छात्राओं को मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के तरीके भी बताए गए.

डाइट काउंसलिंग का कराया गया प्रैक्टिकल

जीएनएम कॉलेज की प्राचार्या खुशबू कुमारी ने कहा कि अस्पताल और फील्ड में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग छात्राओं को मरीजों की डाइट काउंसलिंग की पूरी जानकारी होना आवश्यक है. इसी उद्देश्य से छात्राओं को डायबिटीज मरीजों के लिए संतुलित आहार योजना तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. प्रैक्टिकल सत्र में छात्राओं ने मरीजों के लिए उपयुक्त आहार चार्ट तैयार किया और पौष्टिक भोजन के विकल्पों पर चर्चा की.

छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

प्रशिक्षण कार्यक्रम में माधुरी कुमारी, सुमन लता, पुष्पा लता सहित जीएनएम कॉलेज की छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और डायबिटीज प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न जानकारियां हासिल कीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Anurag

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >