अरवल: बलिदाद बाजार तालाब की पुलिया कचरे से जाम, सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

अरवल के बलिदाद बाजार में तालाब की पुलिया कचरे से जाम होने के कारण जलभराव और सिंचाई का संकट गहरा गया है. किसान प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं.

Arwal News: अरवल जिले के बलिदाद बाजार स्थित तालाब की निकासी पुलिया भारी मात्रा में कचरे से जाम हो जाने के कारण आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. इसके चलते एक ओर सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है, वहीं दूसरी ओर निचले इलाकों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है. किसानों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर समस्या के समाधान की मांग की है.

बरसों पुरानी व्यवस्था हुई बेकार

ग्रामीणों के अनुसार बलिदाद बाजार से परासी जाने वाली मुख्य सड़क पर बने तालाब की निकासी के लिए वर्षों पहले दो बड़े निकासी द्वारों वाली पुलिया का निर्माण कराया गया था. इसका उद्देश्य अतिरिक्त पानी को निचले क्षेत्रों तक पहुंचाना था, ताकि जलभराव की समस्या न हो और किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलता रहे. वर्तमान में पुलिया के दोनों निकासी द्वार कचरे से भर जाने के कारण व्यवस्था ठप हो गई है.

बाजार का कचरा बना समस्या की जड़

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार की दुकानों से निकलने वाला प्लास्टिक, पॉलीथिन, जूठे पत्तल-प्लेट, सड़े-गले फल-सब्जियां और अन्य अपशिष्ट लगातार तालाब में फेंके जा रहे हैं. यही कचरा पानी के बहाव के साथ पुलिया तक पहुंचकर निकासी द्वारों को पूरी तरह जाम कर चुका है.

सैकड़ों एकड़ खेतों में जलभराव

निकासी बाधित होने से तालाब का पानी आसपास के खेतों में फैल गया है. किसानों का कहना है कि धान की रोपनी समेत अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं. लंबे समय तक खेतों में पानी जमा रहने से फसल को नुकसान और मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.

निचले इलाकों में सिंचाई का संकट

किसानों ने बताया कि इसी तालाब का पानी रामपुर, वैना, बहादुरपुर, अमरा और आसपास के कई गांवों तक पहुंचता है. पुलिया जाम होने के कारण इन क्षेत्रों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे सिंचाई संकट गहराने लगा है. एक ही तालाब की निकासी व्यवस्था ठप होने से ऊपर जलभराव और नीचे जल संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है.

डीएम से की त्वरित कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और किसानों ने जिलाधिकारी से पुलिया की तत्काल सफाई कराने, तालाब से कचरा हटाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने की मांग की है. साथ ही बाजार क्षेत्र में ठोस कचरा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था लागू करने और तालाब में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई है.

किसानों ने दी चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने पहल नहीं की तो जलभराव, सिंचाई संकट और पर्यावरण प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो जाएगी. उनका मानना है कि पुलिया की सफाई होने से जलभराव समाप्त होगा और दर्जनों गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंच सकेगा, जिससे हजारों किसानों को राहत मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >