जहानाबाद: ट्रांसफार्मर के स्टेक में उतरा करंट, पूर्व पंचायत समिति सदस्य की मौत

घोसी के शाहपुर पंचायत में करंट लगने से पूर्व पंचायत समिति सदस्य उपेन्द्र प्रसाद की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

Jehanabad News : घोसी के शाहपुर पंचायत के डहरपुर गांव में मंगलवार को करंट लगने से पूर्व पंचायत समिति सदस्य उपेन्द्र प्रसाद उर्फ मंत्री जी की मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए.

ट्रांसफार्मर के स्टेक के संपर्क में आने से लगा करंट

ग्रामीणों के अनुसार उपेन्द्र प्रसाद अपने गांव के समीप गये थे. इसी दौरान ट्रांसफार्मर के पास लगे स्टेक के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया. बताया जाता है कि स्टेक में पहले से ही विद्युत प्रवाहित हो रहा था. करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गये और उनकी हालत मौके पर ही बिगड़ गयी.

आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी. इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल घोसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पूर्व पंचायत समिति सदस्य थे उपेन्द्र प्रसाद

उपेन्द्र प्रसाद उर्फ मंत्री जी शाहपुर पंचायत के भाग संख्या एक से पूर्व पंचायत समिति सदस्य थे. पंचायत क्षेत्र में सामाजिक कार्यों को लेकर भी उनकी पहचान थी. उनकी मौत की खबर मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गयी.

विद्युत उपकरणों की जांच की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के आसपास लगे स्टेक और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्टेक में विद्युत प्रवाह हो रहा था तो उसे तत्काल ठीक कराया जाना चाहिए था. व्यवस्था में लापरवाही के कारण ऐसी घटना दोबारा नहीं हो, इसके लिए विभाग को आवश्यक कदम उठाने चाहिए.

पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग

हादसे के बाद मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गयी. परिजन शव से लिपटकर रोते रहे. ग्रामीण भी इस घटना से काफी मर्माहत हैं. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मामले की जांच कर दोषपूर्ण विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराने और पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >