jehanabad News : जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के गुलामीचक गांव में खेत में कृषि कार्य करने के दौरान 75 वर्षीय किसान की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा है. परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए खेत के ऊपर से गुजर रहे जर्जर और नीचे लटके तार को जिम्मेदार ठहराया है.
जानकारी के अनुसार, गुलामीचक गांव निवासी 75 वर्षीय किसान बच्चू यादव रोजाना की तरह मंगलवार सुबह खेत में कृषि कार्य करने गए थे. इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार काफी नीचे लटका होने के कारण उनके संपर्क में आ गया. तार में करंट प्रवाहित होने से किसान को जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े.
परिजन सदर अस्पताल लेकर पहुंचे
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की नजर जमीन पर गिरे बुजुर्ग किसान पर पड़ी. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बच्चू यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लेकर गए. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बेटे ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक के पुत्र सरयू प्रसाद ने बताया कि उनके पिता रोजाना की तरह खेत में काम करने गए थे. खेत के ऊपर से गुजर रहा बिजली का तार काफी नीचे और जर्जर स्थिति में था. इसी वजह से उनके पिता उसकी चपेट में आ गए और उनकी जान चली गई. उन्होंने कहा कि अगर बिजली का तार सही ऊंचाई पर होता तो यह हादसा नहीं होता.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली के जर्जर और नीचे लटके तारों को लेकर आक्रोश है.
