baba siddheshwar nath dham: श्रावण माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने देर रात मेला एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित जलाभिषेक के लिए की गयी तैयारियों का जायजा लिया गया. निरीक्षण के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ एवं कतार प्रबंधन, सुरक्षा, मेडिकल कैंप, पेयजल, कंट्रोल रूम और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी.
प्रतिनियुक्त अधिकारियों को मुस्तैद रहने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जांच की. उन्होंने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहते हुए जिम्मेदारी का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया. अधिक भीड़ वाले स्थानों पर श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रखने और भीड़ नियंत्रित करने के साथ जलाभिषेक के लिए आवागमन सुचारु बनाए रखने को कहा गया.
मेडिकल कैंप में दवाओं की उपलब्धता रखने का निर्देश
डीएम ने मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया. उन्होंने प्रतिनियुक्त चिकित्सा पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को पूरी तत्परता के साथ मौजूद रहने तथा किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. मेडिकल कैंप में सभी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने को भी कहा गया.
पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने का निर्देश
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को मेला क्षेत्र के सभी निर्धारित स्थलों पर लगातार पर्याप्त पेयजल उपलब्ध रखने का निर्देश दिया. श्रद्धालुओं की संभावित अधिक संख्या को देखते हुए सभी पेयजल बिंदुओं को लगातार क्रियाशील रखने और किसी भी स्थल पर पानी की कमी नहीं होने देने को कहा गया.
कंट्रोल रूम से लगातार होगी उद्घोषणा
जिला पदाधिकारी ने कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखने का निर्देश दिया. ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध रहने, निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने की जानकारी लगातार प्रसारित करने को कहा गया. इसके अलावा श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी लगातार करने का निर्देश दिया गया.
मेला क्षेत्र की सफाई पर विशेष जोर
मेला और मंदिर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. संबंधित पदाधिकारियों को नियमित अंतराल पर सफाई कराने, कूड़ा-कचरा समय पर उठाने और पूरे मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने का निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम जलाभिषेक जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारी और कर्मी आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह सतर्क रहें तथा भीड़ बढ़ने या किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर बाबा सिद्धेश्वर नाथ का जलाभिषेक और दर्शन करने की अपील की है. प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग और दिशा-निर्देशों का पालन करने के साथ मेला एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया है.
भीड़ वाले स्थानों पर धैर्य और संयम बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गयी है, ताकि सभी श्रद्धालुओं का जलाभिषेक सुरक्षित, सुगम और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह
