Jehanabad News : जिला पदाधिकारी सह जिला निबंधक छिरिंग वाई भूटिया ने जिले में पेपरलेस दस्तावेज निबंधन सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की डिजिटल प्रशासनिक पहल के तहत यह व्यवस्था लागू की गई है. इससे निबंधन प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनेगी.
पहले दिन चार दस्तावेजों का हुआ पेपरलेस निबंधन
डीएम ने बताया कि पेपरलेस निबंधन प्रणाली लागू होने से अनावश्यक कागजी प्रक्रिया समाप्त होगी. इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ लोगों को तेज और सुगम सेवाएं मिलेंगी. उन्होंने बताया कि सुविधा शुरू होने के पहले ही दिन जिले में चार दस्तावेजों का सफलतापूर्वक पेपरलेस निबंधन किया गया. विभिन्न अंचलों के लाभार्थियों ने इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत अपने दस्तावेजों का निबंधन कराया.
45 सेवा प्रदाताओं को मिली अनुज्ञप्ति
निबंधन कार्य को और प्रभावी बनाने के लिए जिले के 45 दस्तावेज लेखक, प्रशिक्षु दस्तावेज लेखक एवं अधिवक्ताओं को सेवा प्रदाता के रूप में अनुज्ञप्ति प्रदान की गई है. इससे आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और निर्बाध निबंधन सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी.
अधिकारियों को दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों, दस्तावेज लेखकों और सेवा प्रदाताओं को पेपरलेस निबंधन प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही अधिक से अधिक लोगों को इस डिजिटल सुविधा के प्रति जागरूक कर इसका लाभ पहुंचाने की अपील की.
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से निबंधन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे नागरिकों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी तथा सरकारी कार्यप्रणाली में दक्षता और पारदर्शिता भी बढ़ेगी.
