अरवल: सतपुरा में PM सूर्य घर योजना के तहत लगे सोलर सिस्टम का DM अमृषा बैंस ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

अरवल डीएम अमृषा बैंस ने सतपुरा गांव में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर सिस्टम का औचक निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए.

Arwal News: जिला पदाधिकारी (DM) अमृषा बैंस ने सोनवर्षा पंचायत अंतर्गत सतपुरा गांव का दौरा कर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए जा रहे सोलर रूफटॉप सिस्टम का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लाभुकों की छतों पर स्थापित किए जा रहे सोलर पैनल, इनवर्टर, वायरिंग तथा अन्य संबंधित तकनीकी उपकरणों की गुणवत्ता और क्रियान्वयन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद तकनीकी कर्मियों और योजना के लाभुकों से आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी स्वीकृति, डीबीटी के माध्यम से मिलने वाले सरकारी अनुदान तथा सोलर सिस्टम की स्थापना की प्रगति के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया.

अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि योजना से जुड़े नियमों, सब्सिडी और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी ग्रामीणों को सरल और स्पष्ट भाषा में दी जाए, ताकि इच्छुक परिवार बिना किसी बिचौलिये या प्रशासनिक कठिनाई के इसका लाभ ले सकें. इसके साथ ही उन्होंने इंस्टॉलेशन के दौरान सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए.

हरित ऊर्जा और बिजली बिल में बचत का माध्यम है सौर ऊर्जा

डीएम अमृषा बैंस ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना स्वच्छ और हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों के मासिक बिजली बिल के खर्च को शून्य करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है. उन्होंने ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के पर्यावरणीय लाभों और बिजली बचत के प्रति जागरूक करने पर बल दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो और पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से कनेक्शन व सब्सिडी उपलब्ध कराई जाए. इस मौके पर संबंधित विभाग के तकनीकी पदाधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय लाभुक उपस्थित रहे.

Also Read: अरवल में जनता दरबार में पहुंचा PCC सड़क का मामला, डीएम ने करपी BDO-CO को स्थल जांच का दिया आदेश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By निशिकांत सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >