Jehanabad News: जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 28 नागरिकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं.
भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें अधिक
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, पीएचईडी, अंचलाधिकारी कार्यालय, थाना प्रभारी कार्यालय, ग्रामीण कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा विद्युत विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे.
कई मामलों का मौके पर हुआ निस्तारण
जनता से सीधे संवाद के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से रखा. इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
पारदर्शी और समयबद्ध समाधान का निर्देश
जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
डीएम ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. करपी प्रखण्ड स्थित ग्राम बाजीतपुर निवासी संतोष कुमार द्वारा बताया गया कि विद्युत प्रवेक्षक प्रमाण पत्र बनवाने में कार्यालय द्वारा काफी विलम्ब हो रहा है, प्रमाण पत्र निर्गत करवाने की कृपा प्रदान की जाए. इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, अरवल को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया. अरवल प्रखण्ड स्थित ग्राम बडकी अहियापुर निवासी रामनाथ दास द्वारा बताया गया कि बडकी अहियापुर अंतर्गत सोननदी के किनारे श्री पथहारी जी के स्थान को घेराबंदी करवाने की कृपा प्रदान की जाए. इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता सिंचाई विभाग अरवल को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया. कलेर प्रखण्ड स्थित ग्राम गोरकटा बिचली मठिया के ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि सकरी खुर्द पंचायत अंतर्गत गोरकटा बिचली मठिया में सड़क किनारे सरकारी वृक्ष को अवैध तरिके से काटकर बिक्री किया जा रहा है, उचित कार्रवाई करने की कृपा प्रदान की जाए. इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अरवल को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया.
