Arwal News : अरवल में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में स्थापित रूफटॉप सोलर संयंत्रों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अमृषा बैंस ने शुक्रवार को भदासी गांव पहुंचकर लाभार्थी के घर लगे 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, बिजली उत्पादन और लाभार्थी को मिल रहे फायदे की जानकारी ली तथा अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ सभी पात्र परिवारों तक पहुंचाने का निर्देश दिया.
संयंत्र की कार्यप्रणाली और लाभों की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना, विद्युत उत्पादन, नेट मीटरिंग व्यवस्था और लाभार्थी को मिल रहे आर्थिक लाभ की विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने लाभार्थी से योजना के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया.
समय सीमा में स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यूएलए (यूटिलिटी-नेतृत्वित समेकन) स्कीम के तहत सभी पात्र लाभार्थियों के यहां निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जाएं. उन्होंने कार्यान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.
स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बिल में मिलेगी राहत
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम लोगों के बिजली खर्च को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इससे उपभोक्ताओं को नवीकरणीय ऊर्जा का लाभ मिलने के साथ बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी आएगी. डीएम ने अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र परिवारों को इससे जोड़ने और स्थापना कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से अधिक लोग इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकेंगे.
नियमित होगी निगरानी
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में पात्र लाभार्थियों के यहां लगातार रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजना का लाभ पहुंच सके.
