Jehanabad News : जहानाबाद जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शुक्रवार को संगम घाट एवं गौरक्षणी घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने घाटों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, आवश्यक मरम्मत और बेहतर रख-रखाव को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
टूटी दीवार और सीढ़ियों की होगी मरम्मत
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार को संगम घाट एवं गौरक्षणी घाट की क्षतिग्रस्त दीवारों और सीढ़ियों की आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही घाटों की रंगाई-पुताई, सीढ़ियों की पेंटिंग और घाट परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा.
उन्होंने घाट परिसर की नियमित सफाई और बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को स्वच्छ और व्यवस्थित घाट उपलब्ध कराया जा सके.
छठ की थीम पर होगी वॉल पेंटिंग
डीएम ने घाट की दीवारों पर छठ की थीम पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि छठ से पहले घाट परिसर में बिहार की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपरा और छठ की आस्था की जीवंत छवि प्रदर्शित की जाये, जिससे घाट का सौंदर्य भी बढ़ेगा.
टूटे पुल के अवशेष जल्द हटाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान गांधी मैदान की ओर से संगम घाट की तरफ आने वाले पुल की स्थिति का भी जायजा लिया गया. जिला पदाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को टूटे हुए पुल के अवशेषों को यथाशीघ्र हटाने का निर्देश दिया.
नदी तट के समग्र विकास पर जोर
जिला पदाधिकारी ने घाटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ नदी तट के समग्र विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा. उन्होंने स्वच्छता और रख-रखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान डीआरडीए के निदेशक-सह-नोडल पदाधिकारी, जिला गंगा समिति डॉ. रोहित कुमार मिश्रा, कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चांदनी कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
