Jehanabad Ideal School: सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा पूरे राज्य में आदर्श सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों की शुरुआत की गई है. इसी कड़ी में जहानाबाद जिले के सात विद्यालयों में रविवार को इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया गया. जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ओपीवी केशरबाग खैरा विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे विद्यालय
शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों. आदर्श सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी.
उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में व्यापक सुधार होगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना.
जिले के सभी सात विद्यालयों में हुई लाइव प्रसारण की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के शुभारंभ कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के लिए जिले के सभी सात आदर्श विद्यालयों में विशेष व्यवस्था की गई थी. शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की गई थीं. छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए विद्यालयों में पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई थीं. जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ओपीवी केशरबाग खैरा विद्यालय में आयोजित किया गया, जहां अतिथियों ने विद्यालय का अवलोकन भी किया.
शिक्षा व्यवस्था में आएगा सकारात्मक बदलाव
जिले के शिक्षाविदों और शिक्षकों का मानना है कि सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) योजना सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाएगी. आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी. कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस योजना को बिहार की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया.
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, एसडीपीओ आकांक्षा गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रमेश कुमार पाल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोविंद कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीरज कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
जिले के इन विद्यालयों का हुआ चयन
- राजकीयकृत हाई स्कूल, मुरर्गाव.
- हाई स्कूल, नौआवां.
- संत तुलसी हाई स्कूल, पीताम्बरपुर.
- कामेश्वर हाई स्कूल, अलीगंज.
- ओपीवी केशरबाग खैरा.
- हाई स्कूल, उमता धरनई.
- एसएएस हाई स्कूल, पाली बाजार.
