जहानाबाद में छात्रों ने अंबेडकर चौक से कारगिल चौक तक निकाला विरोध मार्च, NEET पेपर लीक और लाठीचार्ज को बनाया मुद्दा

जहानाबाद में छात्रों ने दिल्ली और पटना में हुए लाठीचार्ज का विरोध किया. हजारों छात्रों ने सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. अपनी मांगों को अनसुना करने का आरोप लगाया.

Jehanabad student protest: दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को जहानाबाद में हजारों छात्रों और युवाओं का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला. विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र अंबेडकर चौक पर जुटे और वहां से कारगिल चौक तक विशाल विरोध मार्च निकाला. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. मार्च में शामिल छात्रों के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर शिक्षा, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े संदेश लिखे हुए थे. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.

छात्रों ने आवाज दबाने का लगाया आरोप

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्र लगातार रोजगार, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है. छात्रों का कहना था कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे वे स्वीकार नहीं करेंगे.

कारगिल चौक पर हुई सभा

कारगिल चौक पहुंचने के बाद विरोध मार्च सभा में बदल गया. सभा को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं ने लाठीचार्ज की घटना की निंदा की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि जब भी छात्र अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन करते हैं, तब प्रशासन द्वारा बल प्रयोग किया जाता है. इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया गया.

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

छात्र प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह युवाओं के सम्मान, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई है, जिसे आगे भी जारी रखा जाएगा.

सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन

विरोध मार्च को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. अंबेडकर चौक से कारगिल चौक तक बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. हालांकि छात्र संगठनों ने स्पष्ट कर दिया कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >