Jehanabad News: स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के 71वें स्थापना दिवस समारोह एवं डॉ. शंकर प्रसाद सिंह स्मृति व्याख्यानमाला के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. इसी क्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने शुक्रवार को मगध विश्वविद्यालय, बोधगया पहुंचकर कुलपति प्रो. (डॉ.) दिलीप कुमार केसरी और कुलसचिव प्रो. (डॉ.) वी.के. मंगलम से शिष्टाचार मुलाकात की तथा उन्हें समारोह में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में सादर आमंत्रित किया.
कुलपति को बताई कार्यक्रम की रूपरेखा
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने कुलपति एवं कुलसचिव को स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा, कार्यक्रम की महत्ता तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्थागत उपलब्धियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली डॉ. शंकर प्रसाद सिंह स्मृति व्याख्यानमाला का विषय “साहित्य और मूल्य” रखा गया है, जो वर्तमान सामाजिक और शैक्षणिक परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक है.
छात्र सहायता केंद्र का भी होगा उद्घाटन
प्राचार्य ने बताया कि समारोह के दौरान महाविद्यालय में छात्र सहायता केंद्र सहित अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं का उद्घाटन भी कुलपति के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह आयोजन शिक्षा, साहित्य, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को नई दिशा प्रदान करेगा.
कुलपति ने दी शुभकामनाएं
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) दिलीप कुमार केसरी ने महाविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह के लिए शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सफलता पर विश्वास व्यक्त किया और निर्धारित तिथि पर अपनी उपस्थिति का आश्वासन दिया. वहीं कुलसचिव प्रो. (डॉ.) वी.के. मंगलम ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे ज्ञान, साहित्य और नैतिक मूल्यों के संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.
26 जुलाई को होगा मुख्य आयोजन
उल्लेखनीय है कि स्वामी सहजानंद महाविद्यालय का 71वां स्थापना दिवस समारोह 26 जुलाई को महाविद्यालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा. समारोह में मगध विश्वविद्यालय के कुलपति मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में शामिल होंगे, जबकि कुलसचिव “साहित्य और मूल्य” विषय पर मुख्य व्याख्यान देंगे.
इसके अलावा रक्षा मंत्रालय, पश्चिमी कमान, चंडीगढ़ के प्रधान निदेशक संजीव कुमार विशिष्ट अतिथि तथा डॉ. शंकर प्रसाद सिंह स्मृति व्याख्यानमाला के संरक्षक के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. इस अवसर पर महाविद्यालय के व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी सुबोध कुमार सुमन एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. भागवत कुमार भी मौजूद रहे.
