जहानाबाद में सिविल कोर्ट के कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, ड्यूटी पर अचानक बिगड़ी तबीयत

Bihar News: जहानाबाद व्यवहार न्यायालय में कार्यरत एक कर्मी की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया है. घटना के बाद न्यायालय परिसर में शोक का माहौल है.

Bihar News:(अशोक कुमार) जहानाबाद व्यवहार न्यायालय में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां न्यायालय में कार्यरत एक कर्मी की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई. घटना की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में शोक की लहर दौड़ गई और सहकर्मियों के बीच गमगीन माहौल बन गया. मृतक की पहचान नालंदा जिले के विंडी डीह गांव निवासी प्रभात कुमार के रूप में हुई है. वह पटना में अपने परिवार के साथ रह रहे थे और वहीं से प्रतिदिन कार्यस्थल आते-जाते थे.

चेंबर में काम के दौरान बिगड़ी हालत

परिजनों के अनुसार प्रभात कुमार शनिवार सुबह पटना से जहानाबाद व्यवहार न्यायालय पहुंचे थे. रोज की तरह वह अपने चेंबर में काम कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. तबीयत बिगड़ने के बाद वहां मौजूद लोगों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया.

डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद नहीं बच सकी जान

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टर द्वारा प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटने लगी.

जिला जज पहुंचे अस्पताल, परिजनों को बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. वह काफी देर तक अस्पताल में मौजूद रहे. इस दौरान न्यायालय के कई कर्मी और सहकर्मी भी अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अस्पताल का माहौल काफी भावुक हो गया.

सहकर्मियों ने जताया शोक

अचानक हुई इस घटना से पूरे व्यवहार न्यायालय परिवार में शोक व्याप्त है. सहकर्मियों ने प्रभात कुमार को मिलनसार, कर्मठ और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनका निधन न्यायालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है.

Also Read:शिक्षा व्यवस्था पर सवाल: अरवल में बिना बिजली और सुरक्षा के बच्चों की रो रही पढ़ाई, स्कूल की बदहाली से नाराज लोग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

raginisharma is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >