National Nutrition Month: 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष, अरवल में अंतर विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गयी. जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार ने की. बैठक में आईसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका, योजना सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक के दौरान राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों, विभिन्न विभागों के दायित्वों और आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया गया.
9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जायेगा पोषण माह
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस माला कुमारी ने बताया कि इस वर्ष 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जायेगा. इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित की गयी है.
उन्होंने बताया कि पूरे अभियान के दौरान पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूकता एवं सहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
आहार विविधता और पौष्टिक भोजन पर रहेगा जोर
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन और संतुलित एवं पौष्टिक आहार को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ताजा और गर्म पका हुआ गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा.
इसके अलावा बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के बेहतर पोषण को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की दी जायेगी जानकारी
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया. मातृ स्वास्थ्य को मजबूत करने के उद्देश्य से पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले नकद अंतरण और योजना के प्रावधानों की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जायेगी.
आंगनबाड़ी, विद्यालय और पंचायत स्तर पर होंगे कार्यक्रम
अधिकारियों ने बताया कि पोषण माह के दौरान प्रत्येक दिन विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और पंचायत स्तर पर विविध गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. इन गतिविधियों के माध्यम से समुदाय में पोषण संबंधी व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जायेगा.
सभी विभागों को सक्रिय सहभागिता का निर्देश
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनायें और पोषण संबंधी संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचायें.
