योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में करें आवेदन : डीएम

संयुक्त कृषि भवन में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), अरवल द्वारा खरीफ महाभियान-2025 के तहत जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

अरवल. संयुक्त कृषि भवन में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), अरवल द्वारा खरीफ महाभियान-2025 के तहत जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत् उद्घाटन जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ,वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान, केविके अनीता सिन्हा, उप परियोजना निदेशक, आत्मा अमित कुमार तथा अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार अरवल के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया. उप परियोजना निदेशक, आत्मा, अरवल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों, पदाधिकारियों एवं प्रसार कर्मियों का स्वागत करते हुए खरीफ महाभियान के उदेश्यों से अवगत कराया. अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि खरीफ मौसम अंतर्गत धान का 490.72 क्विंटल, अरहर का 140 क्विंटल , कैथा का 176.94 क्विंटल एवं मक्का का 50 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य प्राप्त है. जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी प्रसार कर्मियों को कृषि विभाग की योजनाओं को किसानों तक पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुँचाने का निदेश दिया गया. जिले के किसानों को कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने हेतु अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने का आवाहन किया. साथ ही जैव-विविधता को बनाये रखने पर बल दिया. एवं सभी प्रसार कर्मियों को एग्रीस्टेक परियोजना अंतर्गत फार्मर्स रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने हेतु निदेशित किया. डीएम ने कहा कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य खरीफ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने हेतु विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना है. खरीफ महाभियान-2025 के लिए राज्य स्तर से नामित नोडल पदाधिकारी विकास कुमार, सहायक निदेशक (शष्य), योजना, बिहार के द्वारा किसानों को जैविक खेती एवं खेती के नई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी गई. अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी द्वारा सभी प्रसार कर्मियों को खरीफ मौसम में बीज के पंचायतवार लक्ष्य एवं उर्वरक का लक्ष्य से अवगत कराया गया तथा शत प्रतिशत बीज का उठाव ससमय कराने का निदेश दिया गया. कृषक बंधु बीज प्राप्त करने के लिए बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर आवश्यकतानुसार बीज प्रतिष्ठान अथवा होम डिलेवरी के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं. जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक जयनाथ झा द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी. सहायक अनुसंधान पदाधिकारी द्वारा मिट्टी जाँच के बारे में बताया गया. तथा सभी कृषि समन्वयक को मृदा संग्रहण कर मिट्टी जांच करवाने हेतु प्रेरित किया गया. साथ हीं मृदा स्वास्थ्य कार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई. मंच का संचालन कृषि समन्वयक शिव गोस्वामी के द्वारा किया गया. उप परियोजना निदेशक, आत्मा अमित कुमार के द्वारा बताया गया कि जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला के उपरान्त 26 मई से 30 मई के बीच तिथिवार प्रखण्डवार जिला के सभी प्रखण्ड मुख्यालयों में प्रखण्ड स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. तथा जिले के सभी ग्राम पंचायतों में 2 जून से कृषि जन कल्याण चौपाल का आयोजन किया जायेगा. चौपाल के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र, अरवल द्वारा भारत सरकार की विकसित कृषि संकल्प अभियान भी आयोजित किया जायेगा. उक्त कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले में कार्यरत सभी प्रखण्ड कृषि पदाधिकरी, प्रखण्ड उद्यान पदाधिकारी, प्रखण्ड तकनीकी प्रबंधक, सभी कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार एवं सभी अधिकृत बीज विक्रेता ने भाग लिया. कार्यक्रम में सहायक निदेशक उद्यान रूबी कुमारी, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण उपेंद्र कुमार एवं अन्य कृषि कर्मी उपस्थित हुए.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMLESH PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >